सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने जयकुमार उर्फ भादर हत्याकांड में संगठित गिरोह के एक आरोपी को किया गिरफ्तार

राजेश बिष्ट

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में हत्या जैसी जघन्य वारदातों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई के तहत सीआईए स्टाफ-2 भिवानी को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने जयकुमार उर्फ भादर की हत्या के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।इस संबंध में अजीत निवासी गांव बिधवान द्वारा थाना शिवानी में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत के अनुसार 6 नवंबर 2023 को वह अपने भतीजे जयकुमार उर्फ भादर तथा दो अन्य व्यक्तियों के साथ कैंपर गाड़ी में गांव बिधवान से शिवानी जा रहा था। दोपहर के समय घघाला गांव के पास पहुंचते ही सामने से आई एक बोलेरो और एक अन्य कैंपर गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया। वाहनों से उतरकर 8-10 युवकों ने जयकुमार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसी दौरान पीछे से आई दो अन्य गाड़ियों से उतरे युवकों ने भी जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं, जिससे जयकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना शिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान 30 जनवरी को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र पुत्र दरबार सिंह, निवासी गांव कावराशा, जिला जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराया था, जिससे आरोपियों के बीच आपसी संपर्क स्थापित किया गया। आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह का सदस्य है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई अभियोग दर्ज हैं।आरोपी को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार उदयपुर (राजस्थान) भेजने के आदेश दिए गए हैं।इस हत्याकांड में अब तक कुल 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।जिला पुलिस भिवानी संगठित अपराध एवं जघन्य अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!