
भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के तहत पीओ स्टाफ लोहारू ने कार्रवाई करते हुए जिला न्यायालय भिवानी के कोर्ट परिसर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में संदीप निवासी नीमड़ी वाली ने थाना सिविल लाइन भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार वह 18 अप्रैल 2025 को किसी कार्य से जिला न्यायालय भिवानी आया था और अपनी मोटरसाइकिल कोर्ट परिसर के बाहर खड़ी की थी। शाम को वापस लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान 30 जनवरी को पीओ स्टाफ लोहारू के मुख्य सिपाही प्रमोद ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए बवानी खेड़ा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पुत्र लीलू राम, निवासी वार्ड नंबर 10, बवानी खेड़ा तथा विजय कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी वार्ड नंबर 6, बवानी खेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मेहनत-मजदूरी का कार्य करते हैं तथा 22 अप्रैल 2025 को अपने एक मामले की पेशी के सिलसिले में जिला न्यायालय भिवानी आए थे। पेशी के बाद घर लौटते समय उन्होंने कोर्ट परिसर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को चोरी कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं।
जिला पुलिस भिवानी वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखे हुए है।
