संत रविदास जयंती पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश : झुम्पा कलां में रोपे गए 649 पौधे

राजेश बिष्ट

भिवानी। महान समाज सुधारक और आध्यात्मिक संत शिरोमणि रविदास की जयंती के अवसर पर रविवार को लोहारू उपमंडल के गाँव झुम्पा कलां में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। ग्रामीणों ने इस विशेष दिन को केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न रखकर, प्रकृति की सेवा के साथ जोड़ा और गाँव में भव्य पौधारोपण अभियान चलाया। इस अभियान के तहत गाँव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर कुल 649 पौधे रोपे गए। पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ किए गए इस कार्य में फलदार और सजावटी पौधों का चयन किया गया, जिनमें मुख्य रूप से अनार और चीकू, हैज और विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे गए।

इस मौके पर पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने कहा कि ये पौधे न केवल भविष्य में फल देंगे, बल्कि गाँव की सुंदरता और शुद्ध हवा में भी वृद्धि करेंगे।इस पौधारोपण कार्यक्रम में गाँव के गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नंबरदार रमेश श्योराण और रामसिंह नेहरा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि संतों के दिखाए मार्ग पर चलने का सबसे उत्तम तरीका मानवता और प्रकृति की सेवा करना है। इस अवसर पर पवन नेहरा और विशेष रूप से छोटा पर्यावरण प्रहरी हर्ष नेहरा की उपस्थिति चर्चा का विषय रही। नन्हे हर्ष नेहरा द्वारा पर्यावरण के प्रति दिखाए गए इस उत्साह ने युवाओं और बच्चों को प्रेरित किया कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल बड़ों की नहीं, बल्कि हर पीढ़ी की है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने इन पौधों की न केवल देखरेख करने बल्कि उन्हें सुरक्षित रूप से बड़ा करने (वृक्ष बनने तक) का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने संदेश दिया कि संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता का जो सपना देखा था, वह एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में ही फलीभूत हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!