
गौवंश को बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है: श्रवण कुमार गर्ग
राजेश बिष्ट
भिवानी। हरियाणा गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग ने कहा कि सरकार गौवंश को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है, इसके लिए सरकार द्वारा गौशालाओं में आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है। गौशाला संचालक अधिक से अधिक बेसहारा गायों व नंदी को गौशालाओं में आसरा दें। गर्ग रविवार को गांव तालु स्थित गौ लोक धाम के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम को बतौर और मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गऊ, गंगा, गीता और गायत्री भारतीय संस्कृति की पहचान व जड़ है। उन्होंने कहा कि गाय खेतों को खाद, हमें दूध देती हैं, जो कि अमृत के समान है। उन्होंने कहा कि गौवंश की रक्षा करना हमारा परम धर्म है। गाय में सभी देवताओं का वास माना जाता है, जिसको हम माता का रूप मानते हैं। उन्होंने कहा कि जिला भिवानी में 44 गौशालाओं में से 42 गौशालाओं को विगत साल करीब तीन करोड़ 90 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस वर्ष पहले से अधिक सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां पंचायती भूमि है, वहां गौशालाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है। इसके साथ गौ अभ्यारण केंद्र बनाए जा रहे हैं। पंचायत के पास जमीन है तो वे गो अभ्यारण केंद्र बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिलहाल करीब 694 गौशालाएं हैं, जिनमें चार लाख के लगभग गौवंश है।

गर्ग ने कहा कि गौशालाओं से ऑफ ग्रिड सोलर प्लांट के लिए आवेदन मांगे हैं, इससे बिजली का बोझ कम होगा। वहीं दूसरी ओर गौशालाओं में दो रुपए प्रति यूनिट बिजली दर की गई है, जिससे गौशालाओं को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के लिए जमीन खरीदने पर किसी प्रकार का रजिस्ट्री खर्च नहीं लगता और कोई प्रॉपर्टी टैक्स नहीं लगता। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को मनरेगा से भी जुड़वा दिया गया है। गौशालाओं में एक हजार गायों पर एक ई-रिक्शा भी प्रदान की जा रही है। एक हजार से अधिक गायों पर दो ई-रिक्शा दी जा रही है। गौशालाओं में बायो गैस प्लांट लगाए जाएंगे। इस दौरान गर्ग ने गौ लोक धाम का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर गौधाम सेवा समिति द्वारा आए हुए सभी मेहमानों को गांव की तरफ से समान सूचक पगड़ी स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ नागेश वशिष्ट के नेतृत्व में विशाल स्वास्थ जांच शिविर लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। डॉ सोनिया, एलएमओ डॉ मीनाक्षी, डेंटल सर्जन डॉ ज्योति कपूर, आंख जांच डॉ निशा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ निशा, डॉ नरवीर हुड्डा, राजेश कुमार फार्मासिस्ट, राजेश हेल्थ इंस्पेक्टर, अमित एओ, डॉक्टर रेखा, डॉक्टर अमित, सभी एमपी एमपीएचडब्ल्यू, सभी आंगनवाड़ी वर्कर, जागृति रेनू, नर्सिंग मनीष, टीनू ने सेवाएं दी। कैंप में ब्लड, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य चेकअप किए गए। इस अवसर पर गौशाला प्रधान रामफल, जयप्रकाश मास्टर, मास्टर मामन, सुरेश सरपंच, श्रीनिवास शर्मा, राजा पांचाल, रमेश ठेकेदार, वॉइस चेयरमैन दिलबाग, पूर्व सरपंच हीराचंद, पूर्व सरपंच बलवान, ईश्वर मान, दलवीर मान, नरेंद्र कुमार मान, पूर्व सरपंच राजवीर, दलवीर धनखड़, जगदीश तायल, हनुमान तायल, जोगेंद्र सिंह, आजाद ठेकेदार, विजय वाल्मीकि, धर्मपाल शर्मा, हर्ष कुमार सरपंच मुंढाल, करतार सिंह, रामवीर, रमेश प्रजापत, अजमेर पंघाल, राजकुमार पंघाल, सतीश कुमार, साधु राम, सत्येंद्र शर्मा, डॉ जसवंत सिंह, विजेंद्र पंघाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
