
राजेश बिष्ट
बवानीखेड़ा। स्थानीय अनाज मंडी खेल मैदान में मेरा युवा भारत केंद्र, भिवानी (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा प्रतिज्ञा सेवा समिति युवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव एवं लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक जितेंद्र सैनी के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम के प्रथम चरण में मेरा युवा भारत केंद्र के माइ भारत ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मोहित कालूवास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा बवानीखेड़ा क्षेत्र में सक्रिय युवा क्लबों को खेल किट वितरित की।
समापन समारोह में नगर परिषद चेयरमैन सुंदर अत्री मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका वाइस चेयरमैन बजरंग तंवर और मार्केट कमेटी के चेयरमैन-सेक्रेटरी सुखबीर भाकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, शील्ड, मेडल एवं खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया।दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता में रेतरा टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वॉलीबॉल में बवानीखेड़ा प्रतिज्ञा सेवा समिति वाली टीम विजेता रही।व्यक्तिगत स्पर्धाओं में 400 मीटर पुरुष दौड़ में निखिल प्रथम, शिवम द्वितीय एवं गौरव तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर महिला दौड़ में मुस्कान ने प्रथम, महक ने द्वितीय एवं रश्मि ने तृतीय स्थान हासिल किया।पुरुष लंबी कूद में हर्ष प्रथम, यक्षित द्वितीय रहे, जबकि महिला लंबी कूद में महक ने प्रथम, रश्मि ने द्वितीय एवं आरती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।शॉटपुट पुरुष वर्ग में नवीन प्रथम, हर्ष द्वितीय एवं जतिन तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला शॉटपुट में पुष्पा प्रथम, गुंजन द्वितीय एवं मुस्कान तृतीय रहीं।

मुख्य अतिथि सुंदर अत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भावना और आत्मबल भी बढ़ता है। खेलों से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिज्ञा सेवा समिति के अध्यक्ष संजय वर्मा ने की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और युवाओं से अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और भाईचारे की भावना विकसित होती है।इस अवसर पर वाइस चेयरमैन बजरंग तंवर, मंडी प्रधान सुखबीर भाकर, सुखवीर थ्योरी, ओमपाल वर्मा, संदीप पहलवान, विक्रम कोच, संजीव जाखड़, नरेंद्र राजपूत (रामपुरा), राजदीप बेडसरा (युवा क्लब अध्यक्ष), नवीन शर्मा (भगत सिंह युवा क्लब अध्यक्ष) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
