
वैश्य मॉडल स्कूल ने बच्चों की उपलब्धियों पर खुले दिल से बांटा सोना-चांदी : बृजलाल सर्राफ
भिवानी। वैश्य मॉडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल, भिवानी में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विधायक एवं पूर्व मंत्री हरियाणा सरकार, घनश्याम दास सर्राफ, अतिविशिष्ट अतिथि व वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट, भिवानी के अध्यक्ष सुप्रसिद्ध अधिवक्ता शिव रतन गुप्ता, विशिष्ट अतिथि व प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता, कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष व प्रबंध समिति के महासचिव बृजलाल सर्राफ, कोषाध्यक्ष सुंदरलाल अग्रवाल, वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट के महासचिव पवन कुमार बुवानीवाला, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विजय किशन अग्रवाल, प्रबंध समिति के सदस्य प्रवीण गर्ग, पवन अग्रवाल, पूनम चंद बजाज,सुमित खेमका तथा प्राचार्या कमला गुरेजा आदि सभी सम्मानित अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के एन०सी०सी०कैडेट्स,स्काउट्स व बैंड के विद्यार्थियों ने बैंड की मधुर धुन और करतल ध्वनि से मुख्यातिथि और गणमान्य लोगों का भव्य स्वागत किया। प्रबंधसमिति के अध्यक्ष व विधायक एवं पूर्व मंत्री हरियाणा सरकार घनश्याम सर्राफ ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए इस पारितोषिक वितरण समारोह को प्रेरणा पर्व का नाम देते हुए कहा कि स्वयं को इतना विकसित कीजिए कि आप जीवन में नित नई बुलंदियों को छूते रहें। उन्होंने कहा कि आज वैश्य मॉडल स्कूल के विद्यार्थी न केवल भिवानी शहर वरन् राज्य, राष्ट्र एवं विश्वभर में अपने परिवार व विद्यालय का नाम ऊंचा कर रहे हैं।
कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष व विद्यालय प्रबंध समिति के महासचिव बृजलाल सर्राफ ने अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथिगण एवं अभिभावकगण का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मेधावी छात्रों को लगभग 14 लाख रुपए की नकद छात्रवृत्ति तथा बोर्ड परीक्षाओं में 95% या अधिक अंक प्राप्त करने वाले 75 विद्यार्थियों को 50 ग्राम गोल्ड प्लेटेड रजत पदक तथा 90% या अधिक अंक पाने वाले 32 विद्यार्थियों को 50 ग्राम रजत पदक तथा एक विद्यार्थी को 10 ग्राम रजत पदक देकर सम्मानित किया जाएगा, जिसकी कुल धनराशि 18 लाख रुपए के लगभग है। इसके साथ ही जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सत्र 2025-26 को में सह-पाठ्येतर गतिविधियों में विद्यालय का नाम रोशन वाले विद्यार्थियों को लगभग 55300/- की नकद राशि तथा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अध्यापक-अध्यापिकाओं को भी 83500 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा व इस प्रकार समारोह में कुल 37 लाख रुपए के पुरस्कार विद्यार्थियों, शिक्षकों व गैर-शिक्षक वर्ग को पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार को इस बात का बहुत हर्ष है कि इस राशि में उत्तरोत्तर वृद्धि होती रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार वृद्धि होती रहे यही सबकी कामना है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को पूर्ण रूप से वातानुकूलित बना दिया गया है तथा इस वर्ष से विद्यालय में NEET और JEE की परीक्षा की तैयारी हेतु कुशल और विषय-विशेषज्ञ अध्यापक -अध्यापिकाओं द्वारा शिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने कहा कि आज समाज मे भावी पीढ़ी और देश के कर्णधार बच्चों में संस्कारों को पल्लवित और पुष्पित करने की नितांत आवश्यकता है । शिक्षक ही यह जिम्मेदारी पूर्ण रूप से निभा सकते हैं व विद्यार्थियों की प्रतिभा को संवार कर उसे सही दिशा दे सकते हैं।
वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट भिवानी के अध्यक्ष शिवरतन गुप्ता ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कामना की कि विद्यालय आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतनी बुलंदियां हासिल करें कि हम सभी को उन पर गर्व हो। शिक्षक वर्ग को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके भावनात्मक विकास पर भी जोर देने की बात कही क्योंकि उनका मानना है कि भावनात्मक विकास के बल पर ही शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास होता है। इस अवसर पर प्राचार्या कमला गुरेजा व वरिष्ठ अध्यापक-अध्यापिकाओं ने सभी उपस्थित महानुभावों का सम्मान-पटिका एवं पुष्प-गुच्छ से स्वागत एवं अभिनंदन किया। तत्पश्चात प्राचार्या कमला गुरेजा ने प्रगति विवरण पढ़ते हुए सत्र 2024-25 के बोर्ड परीक्षा परिणाम व सत्र 2025-26 में विद्यालय की जिला, राज्य ,राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिवार के लिए यह बड़े गर्व का विषय है कि सत्र 2024-25 की बोर्ड परीक्षाओं में कला संकाय में कक्षा 12वीं की छात्रा मानवी गुप्ता ने 99% अंकों के साथ जिले भर में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान बनाया, उसकी इस उपलब्धि के लिए विद्यालय परिवार ने उसे 11000 का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनेक रंगारंग एवं भव्य कार्यक्रमों का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना की शानदार प्रस्तुति से हुआ। छोटे- छोटे विद्यार्थियों ने शानदार स्वागत नृत्य की प्रस्तुति देकर जन-जन को मंत्र मुग्ध कर दिया।
देशभक्ति से परिपूर्ण कव्वाली ने उपस्थित जन समुदाय को भाव विभोर कर दिया। नृत्य नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने मराठा एवं शिवाजी की संस्कृति का उत्कृष्ट मंचन किया। वर्तमान में योग के महत्व को दर्शाते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों ने भिन्न-भिन्न योग मुद्राओं के माध्यम से उपस्थित लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। हरियाणवी लोकनृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति से विद्यालय प्रांगण तालियों की गडगडाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से मां काली द्वारा रक्तबीज-संहार का सजीव मंचन किया। राधा-कृष्ण के निश्छल प्रेम को दर्शाते हुए विद्यार्थियों ने एक शानदार नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी। धर्म परायण और पतिव्रत धर्म का पालन करने वाली मां सीता के पृथ्वी में समाने का दृश्य विद्यार्थियों ने बखूबी अभिनीत किया। विद्यार्थियों ने चारों युगों में श्री हरि की लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण कर सभी को भक्ति-भाव से विभोर कर दिया। छोटे-छोटे बच्चों ने लघु नाटिका के माध्यम से साइबर अपराध से सचेत रहने व यातायात के नियमों का पालन करने की सलाह दी तथा विभिन्न गणवेश धारण कर सबका मन मोह लिया। महासचिव ने राधा कृष्ण नृत्य,रामायण की प्रस्तुति एवं मंच संचालक विद्यार्थियों के प्रदर्शन से प्रसन्न होकर उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि श्री सुरेश कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे जितना हो सके अपने बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखें। साथ ही शिक्षकों को विद्यार्थियों में कौशल विकास और बौद्धिक क्षमता का संवर्धन करने का आह्वान किया। प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष सुंदरलाल अग्रवाल ने कहा कि ज्ञान एक ऐसी दौलत है जो कभी कम नहीं होती और ना ही उसे कोई हमसे छीन सकता है। अतः हमें अपने ज्ञान को निरंतर आगे बढ़ाते रहना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व विद्यार्थी डॉ राकेश सैनी( फिजियोथैरेपिस्ट), हितेश शर्मा (वाईस प्रेसिडेंट,नेशनल ऑस्ट्रेलिया बैंक इन्नोवेशन सेंटर भिवानी) व डॉ भारती (नर्सिंग ऑफिसर,पीजीआई चंडीगढ़) को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।समारोह में कमलेश चौधरी, नंदकिशोर अग्रवाल, प्रोमिला सिहाग, वैश्य इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य करतार सिंह जाखड़, राम अवतार शर्मा, दिवाकर जैन, मनीष मैदे वाला, नवीन घी वाले, रामनिवास, खुशीराम एडवोकेट, राम अवतार कौशिक, मीनू अग्रवाल, दीपक तोला, नौरंग राय, पुरुषोत्तम, रामनिवास, विनोद डिब्बे वाला, सुनीता भरतवाल, समस्त शिक्षकवृंद, अभिभावकगण, शहर के गणमान्य एवं प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे अभिभावकों एवं अतिथियों का प्रबंध समिति सदस्य पवन अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया मंच का सफल संचालन अध्यापिका ममता सिंगला , वंशिका व रुचि शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। राष्ट्रगान के साथ इस कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
