
भिवानी। स्थानीय पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नई बन रही सडक़ विवादों के घेरे में आ गई है। स्थानीय निवासियों ने विभाग और ठेकेदार पर सडक़ निर्माण में हल्के और मानक से कम गुणवत्ता वाले मैटीरियल का उपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन स्थायी समाधान निकालने की बजाय केवल लीपापोती करने में जुटा है। कॉलोनी की मुख्य सडक़ पिछले लंबे समय से बदहाली का शिकार है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यहां सडक़ बार-बार धंस जाती थी। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। जिसकी काफी शिकायत के बाद विभाग जागा तथा ब्लॉक की नई सडक़ बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें घटिया स्तर की निर्माण साग्रमी का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मैटीरियल की गुणवत्ता इतनी खराब है कि यह सडक़ पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि हम वर्षों से इस सडक़ के धंसने की समस्या झेल रहे हैं। अब जब नई सडक़ बन रही है, तो हमें उम्मीद थी कि राहत मिलेगी। लेकिन यहां तो मैटीरियल ही इतना हल्का लगाया जा रहा है कि यह कुछ ही महीनों में फिर से टूट जाएगी। यह हमारे टैक्स के पैसे की बर्बादी है। उन्होंने कहा कि विभाग को चाहिए कि वह मैटीरियल की गुणवत्ता की जांच करे, वरना भविष्य में यह सडक़ फिर से किसी बड़ी दुर्घटना का सबब बनेगी। उनकी मांग है कि उच्च अधिकारी स्वयं मौके का निरीक्षण करें और सडक़ का निर्माण मानकों के अनुसार कराया जाए ताकि लोगों को इस समस्या से स्थाई निजात मिल सके।
