
12 फरवरी की हड़ताल को लेकर जीबीटीएल मजदूरों की बैठक आयोजित
राजेश बिष्ट.
भिवानी। चिरंजीव कालोनी स्थित मजदूर सभा कार्यालय में 12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों के आहवान पर आयोजित होने वाली हड़ताल को लेकर कामरेड अमरेश राय व कामरेड रणसिंह यादव की अध्यक्षता में जीबीटीएल मजदूरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए एटक के जिला प्रधान ईश्वर शर्मा ने कहा कि 12 फरवरी को आयोजित होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में जिले भर के सभी मजदूर एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज को बुलंद करेंगे। उन्होंने बताया कि हड़ताल के सफल आयोजन के लिए सभी मजदूरों को जिम्मेवारियां सौंपी गई हैं तथा जनसंपर्क अभियान चलाया हुआ है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र सरकार नए लेबर कोड लागू कर मजदूरों के अधिकारों पर गहरी चोट पहुंचा रही है। 29 अलग-अलग श्रम कानूनों को मिलाकर 4 लेबर कोड बनाए गए हैं। नए लेबर कोड पूरी तरह नियोक्ताओं के पक्ष में हैं और मजदूरों की नौकरी की सुरक्षा को खत्म करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल पुंजपतियों के इशारे पर कानूनों में बदलाव कर रही है। मजदूर, कर्मचारी व किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। बिना पूर्व सूचना के जहां कर्मचारियों को नौकरियों से निकाला जा रहा है वहीं सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदीप पांडेय, अजय कुमार, विजय, जवाहर, राजीव कुमार, जोगेन्द्र कुमार, प्रदीप कुमार समेत अनेक मजदूर उपस्थित रहे।
