
गरीबों के हक और गांधीवादी विचारधारा पर हमला है मनरेगा को बंद करना : प्रदीप जोगी
राजेश
भिवानी। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त करने की साजिश के खिलाफ हरियाणा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इस जनविरोधी नीति के विरोध में 5 फरवरी को भिवानी में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन सुबह 10 बजे से सांय 4 बजे तक किया जाएगा। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने स्थानीय रोहतक रोड़ स्थित कार्यालय में पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली और सभी को जिम्मेदारियां सौंपी। बता दे कि यह प्रदर्शन हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी व शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।
मंगलवार को आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल मनरेगा कानून को ही खत्म नहीं करना चाहती, बल्कि उसकी मंशा महात्मा गांधी के नाम, उनके विचारों और ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने वाले मूल्यों को मिटाने की है। मनरेगा करोड़ों गरीब परिवारों की आजीविका का सहारा है, और इस पर हमला सीधा गरीबों के पेट पर लात मारने जैसा है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य सोई हुई सरकार को जगाना है।
प्रदीप जोगी ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस लड़ाई को सडक़ से संसद तक लड़ेगा। मंगलवार की बैठक में पदाधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गईं ताकि अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीण और शहरी लोग इस धरने में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी।
इस अवसर पर ईश्वर शर्मा, रूपेंद्र ग्रेवाल, संजय गांधी, मा. बलवंत घणघस, बलबीर सरोहा, शिवकुमार धानक, लक्ष्मण वर्मा, रमेश वाल्मीकि, रवि सोलंकी, सतीश रखेजा, अमित पंघाल, कृष्ण प्रजापत, अनिल ग्रेवाल, बजरंग वाल्मीकि, सुनील खिच्ची, श्यामलाल चारण, रोबिन चौहान, पुनीत नुनीवाल, देवेंद्र तंवर उर्फ देबू, मुकेश प्रजापत सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
