भिवानी के वार्ड नंबर 20 में कोर कमेटी का गठन, विकास कार्यों की निगरानी करेगी 11 सदस्यीय टीम

राजेश बिष्ट

पार्षद प्रदीप कौशिक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित, सरकार के निर्देशानुसार हुआ गठन

भिवानी। भिवानी शहर के वार्ड नंबर 20 में स्थानीय विकास कार्यों को गति देने तथा उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वार्ड स्तरीय कोर कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी वार्ड पार्षद प्रदीप कौशिक की अध्यक्षता में गठित की गई।

वार्ड पार्षद प्रदीप कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की योजना, क्रियान्वयन और उनकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए कोर कमेटी का गठन किया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड नंबर 20 में भी यह कमेटी बनाई गई है, जो वार्ड में होने वाले सभी विकास कार्यों पर नजर रखेगी और समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि कोर कमेटी का मुख्य उद्देश्य वार्ड के नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करना, विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा जनहित के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाना है। कमेटी के सदस्य आपसी सहयोग से कार्य करते हुए वार्ड को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रयास करेंगे।

वार्ड पार्षद प्रदीप कौशिक ने बताया कि गठित कोर कमेटी में विभिन्न वर्गों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि वार्ड के हर तबके की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। कमेटी के चेयरमैन वार्ड पार्षद प्रदीप कौशिक, नोडल अधिकारी अंकित, वार्ड से सदस्य रोशन लाल, रामशकल, मखन, बुलाखी राम, सुशीला, रौशनी देवी, सम्मानित व्यक्ति मे राजेश, आर.डब्ल्यू.ए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) से भूपेन्द्र सिंह झिंगा, नरदेव आर्य, सुरेन्द्र राणा, बबीता यादव को जिम्मेदारियां दी गई है।

वार्ड पार्षद ने बताया कि यह कमेटी सड़क, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, पार्कों के रख-रखाव सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से चर्चा करेगी। साथ ही जनता से प्राप्त शिकायतों और सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेगी।

प्रदीप कौशिक ने कहा कि वार्ड का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब इसमें जनता की सक्रिय भागीदारी हो। कोर कमेटी के सदस्य वार्ड वासियों से निरंतर संवाद बनाए रखेंगे और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड नंबर 20 को विकास के मामले में एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!