राजेश बिष्ट
विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने किया एसटीपी का औचक निरीक्षण
बवानीखेड़ा। विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ कस्बे में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीवरेज के साफ हुए पानी को खेती में अधिक से अधिक मात्रा में प्रयोग किए जाने के निर्देश दिए।उल्लेखनीय है कि कस्बा बवानीखेड़ा में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट है, जिसकी प्रतिदिन की क्षमता दो एमएलडी की है। विधायक श्री वाल्मीकि ने मंगलवार को इस एसटीपी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री, विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, कार्यकारी अभियंता विकास धनखड़ भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री वाल्मीकि ने यहां सीवरेज के पानी को साफ किए जाने के सिस्टम की बारीकी से जानकारी ली।

वहीं विधायक को ट्रीटमेंट प्लांट सुचारू रूप से चालू मिला। विधायक ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसटीपी से साफ हुए पानी को अधिक से अधिक मात्रा में खेती में प्रयोग में लाया जाए ताकि किसानों को अधिक से अधिक फायदा हो। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि कस्बे में सीवरेज और पेयजल की समस्या नहीं बननी चाहिए। यदि कहीं पर पेयजल लाईन लीकेज की शिकायत मिलती है तो उसको तुरंत प्रभाव से दुरूस्त किया जाए ताकि नागरिकों का पीने के लिए स्वच्छ पेयजल मिले। उन्होंने सीवरेज मेनहोल को भी दुरूस्त करने को कहा।

वहीं दूसरी और विभाग की अधीक्षक अभियंता श्री रंगा ने विधायक को जानकारी देते हुए बताया कि एसटीपी का पानी किसानों को खेती प्रयोग के लिए पहले से ही दिया जा रहा है। भविष्य में किसानों को इसके बारे में और अधिक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि एसटीपी से निकलने वाली खाद भी किसानों को नि:शुल्क दी जा रही है। जरूरत के अनुरूप किसान यहां से खाद लेकर जा रहे हैं और और खेतों में प्रयोग कर रहे हैं। अधिकारियों ने विधायक को बताया कि कस्बे में सीवरेज मेनहोल दुरूस्त करने का काम भी प्रगति पर है।
