राजेश बिष्ट

भिवानी। आदर्श महिला महाविद्यालय के सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के द्वितीय दिन का शुभारंभ प्रातःकाल सेवा भावना और उत्साह के साथ किया गया। सर्वप्रथम प्राचार्या डॉ. अलका मित्तल ने स्वयंसेविकाओं को हरि झंडी दिखाकर महाविद्यालय से रवाना किया। जिसके उपरांत एन.एस.एस. स्वयंसेविकाओं ने देवसर धाम मंदिर परिसर एवं पंचायत भवन में स्वच्छता अभियान चलाया।

इस दौरान पुजारी सुनील के सहयोग एवं उत्साहवर्धन से छात्राओं ने मंदिर परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। तत्पश्चात स्वयंसेविकाएँ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, देवसर पहुँचीं। विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया।

इस मौके पर थाना प्रभारी जुई कलां मुरारी लाल ने सड़क सुरक्षा विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में जिला मंत्री विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल गोपाल तंवर ने बतौर सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम एवं नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित किया। इस मौके पर प्राचार्या सुदर्शन कुमार एवं उपस्थितजनों द्वारा वृक्षारोपण कर स्वच्छता एवं नशामुक्ति का संदेश देती रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर स्वयंसेविकाओं ने समाज में वृद्धजनों को वर्तमान समय में आ रही समस्याओं के विषय में सर्वेक्षण भी किया, जिससे भविष्य में उनके समाधान हेतु योजनाएँ बनाई जा सकें।

कार्यक्रम का अंत थाना प्रभारी की उपस्थिति में सभी ने नशा मुक्त भारत की शपथ लेकर किया गया। शिविर में एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नूतन एवं डॉ. दीपु सैनी, एन.एस.एस. सदस्य डॉ. शकुंतला, रितिका, प्रीति शर्मा, तानिया, विद्यालय की एन.सी.सी. प्रभारी रेनू शर्मा, ग्राम सरपंच राम भगत यादव, देवसर पंचायत के प्रतिनिधियों में हरिया प्रजापत, डॉ. रवि, सुरेंद्र शर्मा, संजय भाटी, पवन भट्टी, इंदु तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

