जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विश्व रेडियो दिवस पर विशेष जागरूकता अभियान

राजेश बिष्ट

भिवानी। विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा चेयरमैन डीएलएसए डीआर चालिया के कुशल दिशा-निर्देशों और सीजेएम एवं सचिव डीएलएसए पवन कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य डिजिटल युग की चुनौतियों, साइबर सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग को लेकर आमजन को जागरूक करना रहा।

सीजेएम पवन कुमार ने बताया कि जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण, भिवानी की ओर से दो माह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान “डिजिटल दुनिया का प्रबंधन – साझा करने से पहले सोचें” का अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का बढ़ता प्रभाव जहां सुविधाएं प्रदान कर रहा है, वहीं इसके दुरुपयोग से साइबर अपराध, फेक न्यूज और निजता हनन जैसी समस्याएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में डिजिटल साक्षरता समय की आवश्यकता है।

सीजेएम एवं सचिव पवन कुमार के नेतृत्व में इस अभियान को जिला स्तर पर रेडियो प्रसारण, सोशल मीडिया पोस्ट और प्रिंट मीडिया के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “आपका एक विवेकपूर्ण निर्णय, आपको और समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सकता है।

पैनल अधिवक्ता अनुराधा खनगवाल ने चार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किसी भी फोटो, वीडियो या संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। बिना पुष्टि किया गया एक ‘शेयर’ किसी के लिए गंभीर संकट का कारण बन सकता है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाता है और यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है।

अत्यधिक स्क्रीन टाइम मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। डिजिटल उपकरणों का संतुलित उपयोग कर वास्तविक रिश्तों और सामाजिक जीवन को प्राथमिकता दें। साइबर बुलिंग, ट्रोलिंग और निजता के उल्लंघन जैसे कृत्यों से बचें। डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग सदैव सकारात्मक और कानूनी दायरे में रहकर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!