सीवरेज और पेयजल पाइप लाइन टूटती है तो उसको तुरंत प्रभाव से ठीक करें: एसडीएम


– समाधान शिविर में एसडीएम महेश कुमार ने सुनी समस्याएं
भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में सोमवार को समाधान शिविर आयोजित हुआ। शिविर में एसडीएम महेश कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने विशेषकर नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ निर्माण या नाले आदि को दुरुस्त करने के दौरान यदि कहीं पर सीवर या पेयजल पाइपलाइन टूटती है तो उसके बारे में तुरंत प्रभाव से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सूचित करें ताकि पेयजल लाइन को उसी समय पर ठीक किया जा सके। इसके साथ-साथ उन्होंने नगर परिषद और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कहीं पर भी अतिक्रमण ना होने दें। बार-बार नोटिस देने के बाद भी यदि कोई अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों पर ठोस कार्रवाई करें।


समाधान शिविर में एसडीएम के समक्ष पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने तालु-मुंढाल लिंक रोड़ पर झांडिय़ों की सफाई करवाने की समस्या रखी। इसके साथ ही उन्होंने तालु माईनर की सफाई होने व जलघर में पर्याप्त पानी आने पर जिला प्रशासन का आभार जताया। सुनील वर्मा नंबरदार ने हांसी गेट और घंटाघर के आसपास से अतिक्रमण हटवाने, प्रताप ने वार्ड नंबर चार में सीवरेज समस्या दुरुस्त करवाने, उमेद, राजवीर और नरेश ने 134 के तहत हुए दाखिलों की फीस माफी से संबंधित, पूर्ण चंद ने पीआईडी में नाम ठीक करवाने, सुरेश सैनी ने दादरी गेट से ढाणा रोड पर नाले को दुरुस्त करवाने और जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा समस्याएं सुनने के लिए टोल फ्री नंबर जारी करवाने, प्रवीण कुमार ने नियमों के विरुद्ध बने मैरिज पैलेस पर कार्रवाई करवाने, रणदीप ने विवाह समारोह में रात 10:00 बजे के बाद विवाह समारोह स्थल पैलेश में बजने वाले लाउडस्पीकर, डीजे या पटाखों पर प्रतिबंध लगवाने बारे शिकायत रखी।


इसी प्रकार से एसडीएम के समक्ष भगवान दास कालिया ने दिव्यांगजन का कार्ड और पेंशन बनवाने तथा ढाणा रोड, दादरी गेट चौक और हनुमान गेट क्षेत्र में पेयजल सप्लाई वॉल की जगह को सही जगह करवाने आदि समस्याएं रखी। गांव जताई निवासी दलबीर ने मुंढाल, तालु, जताई, बवानीखेड़ा व तोशाम बस सेवा को फिर से शुरू करने और उनके गांव में फिरनी पर पेयजल पाइप लाइन बदलने की मांग रखी।
एसडीएम ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस मौके पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और गैर सरकारी सदस्य रामकिशन हलवासिया, सुनील वर्मा नंबरदार, केके ग्रोवर और नरेंद्र ग्रेवाल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!