राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी के भीम स्टेडियम के दिन बहुरेंगे
भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के खिलाडिय़ों के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। स्थानीय सांसद धर्मबीर सिंह द्वारा भीम स्टेडियम में सुविधाओं के विस्तार को लेकर उठाए गए मुद्दे पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने खेल विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब की है।

सांसद धर्मबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लिखे अपने पत्र में बताया कि भिवानी का भीम स्टेडियम करीब 38 एकड़ जमीन में फैला हुआ है। यहां वर्तमान में सिंथेटिक ट्रैक, हॉकी ग्राउंड, कुश्ती हॉल और बॉक्सिंग हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि इतने बड़े और महत्वपूर्ण स्टेडियम में अभी तक स्वीमिंग पूल, इंडोर जिम हॉल और हाई मास्क लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस स्टेडियम में न केवल भिवानी शहर, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों से रोजाना हजारों खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं।
सांसद की इस मांग पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने विभागीय अधिकारियों को लिखित आदेश जारी किए हैं। राजेश खुल्लर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन प्रस्तावित कार्यों और कमियों पर 26 मार्च 2026 तक एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) यानी की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
जिसके बाद अब तैराकों के लिए आधुनिक तरणताल का निर्माण, खिलाडिय़ों की फिटनेस के लिए अत्याधुनिक जिम मशीनरी तािा शाम और रात के समय अभ्यास के लिए बेहतर रोशनी की व्यवस्था पर कार्य होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय की इस सक्रियता से भिवानी के खेल प्रेमियों में उत्साह है। यदि समय रहते ये सुविधाएं मिल जाती हैं, तो मिनी क्यूबा के नाम से मशहूर भिवानी के मुक्केबाजों और अन्य एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी करने में बड़ी मदद मिलेगी।
