एड्स-मुक्त समाज की कल्पना साकार करने के लिए प्रत्येक जन का जागरूक होना जरूरी : डा. ऋतु

Rajesh Bisht / Naye Bharat ka Uday
गांव मानहेरू सीएचसी में स्वास्थ्य शिविर के जरिए एचआईवी/एड्स के खिलाफ किया जागरूक

भिवानी। जिला में जन-स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए और एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारियों के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिले के विभिन्न ब्लॉकों में एकीकृत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में गांव मानहेरू स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का भी काम किया। शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को बताया कि एचआईवी/एड्स से डरने की नहीं, बल्कि जागरूक रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को विस्तार से समझाया गया कि सावधानियां बरतकर और समय पर जांच करवाकर इस बीमारी के जोखिम को शून्य किया जा सकता है।

यह शिविर उन क्षेत्रों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है, जहां भौगोलिक या सामाजिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सीमित है। इस अवसर पर डा. ऋतु फौगाट ने एचआईवी/एड्स जागरूकता के महत्व पर जोर देते हुए एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का प्राथमिक उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना है। एचआईवी के मामलों में सबसे बड़ी चुनौती देरी से पता चलना है। जब हम निचले तबके तक पहुंचकर उन्हें जागरूक करेंगे, तभी हम एक स्वस्थ और एड्स-मुक्त समाज की कल्पना कर सकते हैं। इस शिविर की खास बात यह रही कि यहां केवल एचआईवी की ही जांच नहीं की गई, बल्कि ग्रामीणों को अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। इस अवसर पर सुरेंद्र ब्लॉक आशा कॉर्डिनेटर, सुनीता नर्सिंग सिस्टर, सुनील काउंसलर, सुरेंद्र काउंसलर, रजनी स्टाफ, अजीत स्टाफ, कृष्णा आशा फेसलेटर, रेखा पूनम, सुमन, गीता, आशा सभी पीएचसी की आशा मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!