Rajesh Bisht / Naye Bharat Ka Uday

करणी सेना का 7वां स्थापना दिवस आयोजित, वक्ताओं ने मुखर होकर रखी अपनी बातें
भिवानी। करणी सेना के 7वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुग्राम के सोहना स्थित स्मार्ट व्यू रिसॉर्ट में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भिवानी से करणी सेना युवा शक्ति के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं हरियाणा प्रभारी दीपक बामल ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई और युवाओं व छात्रों के हितों को लेकर मुखर होकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पाल अम्मू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
देशभर से आए पदाधिकारियों के बीच दीपक बामल ने संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक बामल ने स्पष्ट किया कि वर्तमान यूजीसी एक्ट छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। संगठन इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा और इसके खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आवाज उठाई जाएगी। जेएनयू में रुचि तिवारी के साथ हुए व्यवहार की निंदा करते हुए उन्होंने दोहराया कि करणी सेना सदैव न्याय के पक्ष में खड़ी है। दीपक बामल ने कहा कि करणी सेना केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक विचार है। हम युवाओं को जोडऩे और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सही दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार रहें। भिवानी निवासी दीपक बामल ने कार्यक्रम की सफलता पर गुरुग्राम जिला अध्यक्ष राजीव सिंह और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने जोर दिया कि युवा शक्ति ही संगठन की असली रीढ़ है। कार्यक्रम में उनके साथ राष्ट्रीय मंत्री भूपेंद्र राठौड़, विनय भाटी और गौरव चौहान समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
