Rajesh Bisht/ Naye Bharat Ka Uday

छोटी उम्र के जुनून ने दिलाया बड़ा मुकाम, रोहित वर्मा बने अंतरराष्ट्रीय चैंपियन ।
भिवानी। भिवानी के खिलाड़ी रोहित वर्मा ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए Abu Dhabi (UAE) में आयोजित ओपन मास्टर गेम्स–2026 की कराटे प्रतियोगिता के –67 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश, प्रदेश एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया। उनकी इस उपलब्धि पर भिवानी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। फूल-मालाएं पहनाकर तथा लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
बता दे कि रोहित वर्मा ने बहुत ही छोटी उम्र में कराटे को अपना जुनून बना लिया था। वर्ष 2001 में लगभग 11–12 वर्ष की आयु में उन्होंने कराटे खेलना शुरू किया तथा वर्ष 2004 में लगभग 14–15 वर्ष की आयु में ही प्रशिक्षण देना भी प्रारंभ कर दिया। वर्तमान में वे भिवानी कराटे अकादमी में बच्चों को कराटे का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षित अनेक खिलाड़ी आज विभिन्न सरकारी पदों पर कार्यरत होकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

स्वागत समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ आयोजित किया गया, जिसमें भारत सरकार में वरिष्ठ अधिकारी विजेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रोहित वर्मा को पगड़ी एवं माला पहनाकर सम्मानित किया तथा कहा कि रोहित वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का झंडा ऊंचा कर अत्यंत सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश सैनी एवं समाजसेवी विशाल जालंधरा ने कहा कि रोहित वर्मा की वर्षों की मेहनत रंग लाई है और उनका स्वर्ण पदक पूरे भिवानी जिले, प्रदेश एवं देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार देश का नाम रोशन करते रहेंगे।कार्यक्रम में विनोद कुमार, अनिल मास्टर जी, बबलू सिंह,कुलदीप कुमार, संदीप सिंह,मोहन कुमार (JE), नवीन मोखरा, नितिन कुमार, हिमांशु जालंधरा, प्रकाश, सुरेंद्र प्रजापति, राहुल शर्मा, नरेंद्र कुमार, अजीत कुमार, पृथ्वी सिंह, लक्की, सनी लड़वाल, मोंटू, परवीन मास्टर जी, राकेश जालंधरा, जतिन सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, महिलाओं, भिवानी कराटे एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कराटे प्रेमियों ने भाग लेकर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
