माल रोड के नाम पर व्यापारियों को परेशान करना बंद करे नगर परिषद : पवन ठाकुर

Rajesh Bisht/ Naye Bharat Ka Uday

भिवानी। बहुजन समाज पार्टी के नेता एवं लोकसभा प्रभारी भिवानी-महेंद्रगढ़ पवन ठाकुर ने भिवानी नगर परिषद द्वारा बनाए जा रहे माल रोड प्रोजेक्ट को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि माल रोड के निर्माण के नाम पर नगर परिषद द्वारा शहर के व्यापारियों और आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

पवन ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से माल रोड का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन इस कार्य के दौरान व्यापारियों को किसी प्रकार की पूर्व सूचना, वैकल्पिक व्यवस्था या उचित समय सीमा की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। इसके कारण दुकानदारों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद की लापरवाही और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण सड़क को कई-कई दिनों तक अधूरा छोड़ दिया जाता है, जिससे बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। इससे छोटे और मध्यम व्यापारियों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

बसपा नेता पवन ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न करना किसी भी कीमत पर उचित नहीं है। विकास कार्य इस प्रकार किए जाने चाहिए कि आम जनता और व्यापारियों को कम से कम परेशानी हो, लेकिन वर्तमान स्थिति में नगर परिषद का रवैया पूरी तरह से असंवेदनशील दिखाई दे रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि माल रोड निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और व्यापारियों को होने वाली परेशानियों का तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही कार्य की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए और व्यापारियों से संवाद स्थापित किया जाए।पवन ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद द्वारा व्यापारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो बहुजन समाज पार्टी व्यापारियों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!