राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। गांव कितलाना में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर देश और जिले का नाम रोशन करने वाले सेपक टकरा खिलाड़ी राकेश प्रजापति का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे घनश्याम सर्राफ ने खिलाड़ी और उनके कोच को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला सेपक टकरा संघ भिवानी के महासचिव व एनआईएस कोच सतबीर सिंह देहरान ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 से 11 फरवरी तक कोलंबो, श्रीलंका में आयोजित साउथ एशियन अंतरराष्ट्रीय सेपक टकरा चैंपियनशिप में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राकेश प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल हासिल किया।समारोह की अध्यक्षता मास्टर रत्न सिंह कितलाना (सरपंच प्रतिनिधि) ने की।

उन्होंने कहा कि कितलाना गांव हमेशा अपने खिलाड़ियों का सम्मान करता आया है और आगे भी इसी तरह उनका हौसला बढ़ाता रहेगा।मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सेपक टकरा एक प्राचीन खेल है, जो आज तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने कहा कि भिवानी जिले के खिलाड़ियों ने प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार इस खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय रेलवे से उप मुख्य अभियंता सुशील कुमार, रेलवे स्टेशन अधीक्षक उदयराज सिंह, धर्मवीर ठेकेदार, मोहित चौधरी, अभिषेक पहाड़ी, विजय जावला, सतपाल यादव, सोनू बूमरा, राजेश खटक, भानु प्रकाश शर्मा, सुनील शास्त्री और जयभगवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन विजय कुमार जावला और कोच मोनू जावला ने किया। इस दौरान राकेश प्रजापति और उनके कोच सतबीर सिंह देहरान का गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ सम्मान किया गया।समारोह में रेलवे खेल अकादमी भिवानी, राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच, जिला सेपक टकरा संघ भिवानी, भावी स्पोर्ट्स अकादमी, सिल्वर हाउस भिवानी और हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड सहित विभिन्न संस्थाओं और खेल प्रेमियों ने भाग लिया।गांव कितलाना में खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

