यशवीर सिंह नए भारत का उदय

सुशील बाला गर्भवती महिलाओं को दी गई पोषण की पोटली
तोशाम। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वाधान में तथा अतिरिक्त उपायुक्त व एसडीएम प्रदीप अहलावत के कुशल मार्गदर्शन में गांव बजीना आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा संचालित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत बुधवार को गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सुपरवाइजर सुशील बाला ने कहा कि गर्भावस्था का समय मां और शिशु दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि महिला को पर्याप्त और संतुलित पोषण नहीं मिलता है तो एनीमिया सहित कई प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे शिशु के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें पोषण की पोटली व सतरंगी पोषण थाली भेंट की गई तथा गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल, संतुलित आहार और एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को उपहार स्वरूप पोषण की पोटली वितरित की गई, जिसमें गुड़, चना, हरी पत्तेदार सब्जियां, आयरन की गोलियां, पोषाहार तथा विभिन्न प्रकार के फल शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गर्भकाल के दौरान आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने के महत्व से अवगत कराना तथा स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु के लक्ष्य को साकार करना रहा।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजवंती, नीलम, पूनम, ऊषा, शकुंतला गर्भवती महिलाओं सहित अन्य महिलाओं ने भाग लिया।
