दो दिवसीय खेल स्पर्धा हुई समापन बॉलीबॉल में कैरु ब्लॉक रहा प्रथम

यशवीर सिंह/ नए भारत का उदय

शॉट फुट में मिताथल के हितेश ने जीता गोल्ड मेडल

भिवानी। माय युवा भारत भिवानी कार्यालय के निकट स्थित भीम स्टेडियम खेल परिसर में मेरा युवा भारत केंद्र भिवानी द्वारा खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव तथा लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक जितेंद्र सैनी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, विशिष्ट अतिथि धीरज शर्मा, युवा कार्यकर्ता सचित शेखावत, राज्य पुरस्कार विजेता समाजसेवी दीपा तंवर, आईटीआई से कुलदीपक जीआई तथा जयप्रकाश श्योराण उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, शील्ड, मेडल एवं खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में गर्ल्स खो-खो स्पर्धा में लोहारू ब्लॉक (ढीगावा) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कैरु ब्लॉक की टीम दूसरे स्थान पर रही। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कैरु देवराला की टीम प्रथम तथा मिताथल की टीम द्वितीय स्थान पर रही। शॉट पुट प्रतियोगिता में मिताथल के हितेश ने गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि शशी ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया। लड़कियों की श्रेणी में शोभना को गोल्ड मेडल, सिमरन को सिल्वर मेडल मिला।

मुख्य अतिथि वीरेंद्र कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा आत्मबल में वृद्धि होती है। साथ ही युवाओं और खिलाड़ियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य पुरस्कार विजेता दीपा तंवर ने की, जबकि स्वागत अध्यक्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक मोहित कुमार एवं माय युवा भारत केंद्र भिवानी के लेखाकार जितेंद्र सैनी रहे। मुख्य वक्ता समाजसेवी दीपा तंवर एवं भारत सरकार के राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि माय युवा भारत केंद्र द्वारा युवाओं को समाज और राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर संयोजक मोहित कुमार, युवा पुरस्कार विजेता संदीप देवराला, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप, संजय, कुलदीपक, अजय, युवा पुरस्कार विजेता मास्टर पवन मिताथल तथा लोक सांस्कृतिक कलाकार हेमंत सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!