हरियाणा बना चैंपियन, दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार जीत

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन चंडीगढ़ द्वारा बजवा क्रिकेट एकेडमी, मोहाली (पंजाब) में दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में तीनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पीसीसीएआई के भारत अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया तथा हैदराबाद दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र अग्रवाल ने किया।

उद्घाटन मुकाबले में दिल्ली की टीम ने चंडीगढ़ को 3 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। इसके बाद 27 फरवरी को खेले गए फाइनल मुकाबले में हरियाणा और दिल्ली की टीमें आमने-सामने हुई।फाइनल मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। दिल्ली की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए 6 ओवर में बिना विकेट खोए 75 रन बनाए और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 174 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली की ओर से लक्ष्य ने 44 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली, जबकि हरियाणा के अजय बिद्दू ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सुनील कुमार 10 रन बनाकर आउट हो गए। अजय बिद्दू ने 18 गेंदों में 2 चौके व 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए। इसके बाद जावेद और कप्तान अश्वनी वाधवन ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।जावेद ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 76 रन बनाए, जबकि कप्तान अश्वनी वाधवन ने 39 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 46 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।

Jअंतिम ओवर में लगातार दो चौके लगाकर हरियाणा ने एक गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।अश्वनी वाधवन को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस जीत के साथ हरियाणा टीम तीनों टीमों के बीच आयोजित प्रतियोगिता की चैंपियन बनी।समापन समारोह में मुख्य अतिथि सुरेंद्र लोहिया एवं सुरेंद्र अग्रवाल ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा नकद पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर चंडीगढ़ एसोसिएशन की ओर से राजकुमार सुनसुना (महासचिव,डीएसीएसए) एवं अविनाश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!