Rajesh Bisht/ Naye Bharat ka Uday
भिवानी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम)-कम-सचिव पवन कुमार ने वीरवार को भिवानी स्थित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

सीजेएम पवन कुमार ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों से संवाद कर उनके अनुभव और उपचार संबंधी जानकारी ली। मरीजों ने सीजेएम को बताया कि नशे की लत ने किस प्रकार उनके जीवन को प्रभावित किया और परिवार व समाज से उन्हें दूर कर दिया। मरीजों ने केंद्र की चिकित्सा व परामर्श सेवाओं को सहायक बताते हुए कहा कि अब वे सकारात्मक सोच के साथ पुन: सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
सीजेएम ने मरीजों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नशे से मुक्ति केवल दवाइयों से नहीं बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से ही संभव है। उन्होंने चिकित्सकों व स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर डीएलएसए व हॉस्पिटल स्टॉफ मौजूद रहा।
