Rajesh Bisht/ Naye Bharat Ka Uday

सीजेएम ने निरीक्षण के दौरान सुनी कैदियों की समस्याएं
भिवानी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार सीजेएम कम सचिव पवन कुमार ने स्थानीय जिला कारागार भिवानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण करते हुए कैदियों की समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने बैरकों की साफ-सफाई, शौचालयों एवं स्नानघरों की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कैदियों के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा आवश्यक राहत उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जेल के रसोईघर का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा जेल में स्थापित कानूनी सहायता क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कैदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के माध्यम से पात्र बंदियों को मुफ्त वकील की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। सीजेएम पवन कुमार ने विचाराधीन एवं सजायाफ्ता कैदियों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं तथा संबंधित मामलों के समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जेलों में बंद उन कैदियों के लिए मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से कानूनी सहायता प्राप्त नहीं कर पाते हैं। विधिक सेवा संस्थान ऐसे सभी बंदियों को त्वरित, निशुल्क एवं प्रभावी कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर एलएडीसी के सदस्य एवं जेल स्टाफ भी उपस्थित रहा।
