बंगाल फतह के लिए हरियाणा भाजपा की स्पेशल-27 तैयार : भिवानी से विनोद चावला व सुनील डावर को मिली कमान

राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय 


भिवानी। पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव के रण में इस बार हरियाणा भाजपा के योद्धा अपना दमखम दिखाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली द्वारा जारी की गई 27 वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की सूची में भिवानी जिले का दबदबा देखने को मिला है। पार्टी ने भिवानी से दो अनुभवी चेहरों भाजपा जिला प्रवक्ता विनोद चावला और सोशल मीडिया के प्रदेश सह-संयोजक सुनील डावर, पर विशेष भरोसा जताते हुए उन्हें बंगाल चुनाव प्रचार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की पैठ गहरी करने और चुनाव प्रचार को धार देने के लिए हरियाणा के चुनिंदा 27 नेताओं की एक स्पेशल टीम तैयार की है।

इस टीम का मुख्य उद्देश्य बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाना और स्थानीय स्तर पर पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। गौरतलब होगा कि भिवानी के विनोद चावला अपनी प्रखर वक्तृत्व शैली और संगठनात्मक पकड़ के लिए जाने जाते हैं, वहीं सुनील डावर डिजिटल मोर्चे और सोशल मीडिया रणनीति में माहिर माने जाते हैं। इन दोनों की नियुक्ति यह दर्शाती है कि भाजपा बंगाल में ग्राउंड और क्लाउड दोनों स्तरों पर आक्रामक घेराबंदी की तैयारी में है। इस मौके पर विनोद चावला व सुनील डावर ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा हम पर जताया है, उसके लिए हम आभारी हैं। बंगाल की धरती पर कमल खिलाने के लिए हम पूरी जी-जान से मेहनत करेंगे और दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!