राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
विदाई पार्टी में कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्मृति चिन्ह देकर किया बलवान सिंह को सम्मानित
भिवानी। हांसी में नवनियुक्त हुए डीआईपीआरओ बलवान सिंह के सम्मान में लघु सचिवालय स्थित डीआईपीआरओ कार्यालय में एक विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बलवान सिंह को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंगल ने कहा कि बलवान सिंह की कार्य क्षमता और कार्य निपुणता अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। कार्य कुशलता के साथ-साथ उनका व्यक्तित्व उनकी पहचान है, जो सबसे जरूरी होता है।

उन्होंने कहा कि बलवान सिंह ने करीब 28 साल लोहारू क्षेत्र में सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने अपना कार्य बड़ी जिम्मेदारी के साथ निभाया और अपने काम में अमिट छाप छोड़ी। जो भी कार्य उनको सौंपा गया, वह उन्होंने निष्ठा और ईमानदारी के साथ पूरा किया।वहीं विदाई पार्टी में बलवान सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 28 साल के दौरान भिवानी कार्यालय से उनको हमेशा सहयोग मिला है। छोटे या बड़े-बड़े से कार्यक्रमों में उन्होंने अपना श्रेष्ठ योगदान देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक रहने के बाद उस जगह को भुला पाना बहुत मुश्किल होता है। इस दौरान सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार और आईसीए बीरेंद्र सिंह ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान सभी स्टाफ सदस्यों ने बलवान सिंह को नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दी।
