पश्चिम एशिया में फंसे प्रवासियों की सुरक्षित वापसी की तैयारी तेज, उत्तराखंड सरकार ने मांगा जिलों से विवरण

राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय

देहरादून। पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात और ईरान इसराइल संघर्ष के मद्देनज़र भारत सरकार द्वारा प्रवासी भारतीयों की सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड शासन ने राज्य के उन नागरिकों का विवरण जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो वर्तमान में पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में रह रहे हैं और भारत लौटना चाहते हैं। उत्तराखंड शासन के सचिव राजेंद्र कुमार द्वारा सभी जिलाधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए राज्य के प्रवासी नागरिकों की जानकारी शीघ्र एकत्र की जाए।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ईरान, इजरायल, ओमान, लेबनान, इराक, कुवैत और कतर जैसे पश्चिम एशियाई देशों में रह रहे उत्तराखंड के नागरिकों का विवरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके। सचिव ने सभी जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने जिलों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर ऐसे प्रवासी नागरिकों की जानकारी एकत्र की जाए। साथ ही इच्छुक प्रवासियों का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में संकलित कर शासन को भेजने को कहा गया है, ताकि समय पर यह जानकारी भारत सरकार तक पहुंचाई जा सके और आवश्यक होने पर सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!