राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
लोहारू।लोहारू ब्लॉक में नीति आयोग के आकांक्षा खंड कार्यक्रम के तहत आयोजित आकांक्षा हाट के दूसरे दिन विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।एसडीओ कृषि विभाग राहुल छिल्लर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने एग्री स्टेक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, मृदा प्रशिक्षण तथा पानी गुणवत्ता जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय पर पंजीकरण करवाकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं तथा वैज्ञानिक तरीकों से खेती कर अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाएं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. आकांक्षा ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और सेवाओं के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए माता-पिता का उनके साथ समय बिताना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने के लिए अभिभावकों को उन्हें खेलकूद, पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में शामिल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर पूनम, प्रिंसिपल राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल लोहारू ने शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और पहल के बारे में जानकारी दी।उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया, ताकि बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर भी आमजन को योजनाओं की जानकारी दी गई। सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी स्टॉल पर विभागीय योजनाओं, सेवाओं और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की तथा लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। इस दौरान सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।कल्पना ने “बेटी के होने पर गली में थाली बजेंगी” प्रस्तुति देकर बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया। कविता ने “हरियाणा की छाप” प्रस्तुति प्रस्तुत कर हरियाणवी संस्कृति की झलक दिखाई। निशु गिगनौ ने “दुनिया में भारत, भारत में नंबर 1 हरियाणा” प्रस्तुति देकर दर्शकों में उत्साह भर दिया। अनुराधा (ढिगावा जाटान) ने भी अपनी सुंदर प्रस्तुति से उपस्थित आमजन का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि आकांक्षा हाट का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही मंच पर लाकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक उनकी जानकारी पहुंचाना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिल रहा है, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है।यह कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।कार्यक्रम में एसईपीओ सुरेश,एबीपीओ तपेस्वर, वीरेंद्र सिंह खंड समन्वय स्वच्छ भारत मिशन लोहारू, ग्राम सचिव गौरव, आकांक्षी खंड कार्यक्रम प्रबंधक बहल नीरज बागड़ी तथा डॉ. रेनू (आकांक्षी खंड कार्यक्रम प्रबंधक), सुपरवाइज़र सुशीला और अनीता, राजीव वत्स, पिंकी, बजरंग, गौरव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
