एबीएचआरओ 14 को देशभर की दिग्गज महिलाओं को भिवानी में करेगा सम्मानित

 राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय 

संघर्ष को सम्मान देना है नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम का उद्देश्य : सत्यजीत पिलानिया
भिवानी। अखिल भारतीय मानवाधिकार संगठन (एबीएचआरओ) द्वारा 14 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय आदर्श महिला महाविद्यालय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण परिवर्तन को प्रेरित करना रखा गया है। इस कार्यक्रम को लेकर वीरवार को स्थानीय बया रिसॉर्ट में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के राष्ट्रीय महासचिव हवा सिंह तंवर ने इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान उनके साथ दिल्ली से संगठन सचिव रूपेंद्र कौर माकन, संयुक्त विनोद जिंदल, राज्य सचिव सत्यजीत पिलानिया सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।
 

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव हवा सिंह तंवर ने बताया कि इस वर्ष संगठन ने देश के विभिन्न राज्यों से ऐसी महिलाओं का चयन किया है, जिन्होंने समाज, खेल, प्रशासन, शिक्षा और न्याय के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया है। इन पुरस्कारों को चार मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है। जिसके तहत नारी शक्ति लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, नारी शक्ति नेशनल अवार्ड, नारी शक्ति स्टेट अवार्ड तथा नारी शक्ति स्पेशल एप्रिसिएशन अवार्ड रहेंगे। तंवर ने बताया कि लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, पूर्व डीजीपी झारखंड निर्मल कौर, और पंजाब केसरी गु्रप की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा जैसी दिग्गज हस्तियों को नवाजा जाएगा। वहीं नेशनल अवार्ड की श्रेणी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया, माउंट एवरेस्ट विजेता अनीता कुंडू और पैरालिंपिक क्वालीफायर अरुणा सिंह तंवर के नाम शामिल हैं। इनके अलावा प्रशासनिक सेवाओं से रश्मिता झा (आईआरएस) और डिस्ट्रिक्ट जज अलका शर्मा को भी सम्मानित किया जाएगा।


स्टेट अवार्ड श्रेणी में राजस्थान की सपना मौर्य (आरएएस), ड्रोन दीदी के नाम से मशहूर निशा अग्रवाल और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की पहली महिला अधिवक्ता सावित्री देवी (82 वर्ष) को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। स्पेशल एप्रिसिएशन अवार्ड के तहत शिक्षाविद् मंजू चुघ, यूजीसी एनईटी टॉपर आक्षी डालमिया और नेशनल सीए टॉपर रिधि अग्रवाल सहित कई उभरती प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा।


पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव हवा सिंह तंवर संगठन सचिव रूपेंद्र कौर माकन, संयुक्त विनोद जिंदल, राज्य सचिव सत्यजीत पिलानिया ने कहा कि एबीएचआरओ उन महिलाओं की उपलब्धियों को सलाम करता है जिन्होंने तमाम बाधाओं को पार कर समाज में अपनी पहचान बनाई है। यह कार्यक्रम ना केवल उनके संघर्ष को सम्मान देने के लिए है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की बेटियों को प्रेरित करने के लिए भी है। भिवानी की धरती पर देशभर की इन प्रेरणापुंज महिलाओं का आगमन हमारे लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!