लोहारू खंड में आकांक्षा हाट का चौथा एवं समापन दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न

यशवीर सिंह / नए भारत का उदय 

लोहारू। नीति आयोग के अंतर्गत संचालित आकांक्षी खंड कार्यक्रम के तहत खंड लोहारू में आयोजित आकांक्षा हाट का चौथा एवं समापन दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रिशव रंजन ने कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान  एसईपीओ सुरेश, नीरज बागड़ी, डॉ. रेनू तथा दीपक द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री गर्ल्स स्कूल की छात्राओं द्वारा हरियाणवी गीत “हरियाणा में आपका स्वागत” पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति के साथ हुई, जिससे सभी में उत्साह का वातावरण बन गया। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति तथा हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाती अनेक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। निशु, यश्वी एवं अक्षिता ने हरियाणवी सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। वहीं कल्पना ने सरकार की महत्वाकांक्षी मुहिम “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” को केंद्र में रखते हुए “न्याणी सी उमर में ब्याहियो ना, बेटी नै खूब पढ़ाइयो” गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी दिया गया।

मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रिशव रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वित्तीय समावेशन एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थानीय स्तर से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने, शिक्षा के क्षेत्र में जीवन कौशल पर विशेष बल देने, कृषि क्षेत्र में किसानों को प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों से जोड़ने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने जीवन को बेहतर बनाएं। इस अवसर पर आजीविका मिशन के खंड समन्वयक सोमवीर ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं तथा अपने उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही हैं।

आकांक्षी खंड प्रबंधक लोहारू डॉ. रेनू ने अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी खंड कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन तथा आधारभूत संरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तीव्र गति से विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा हाट का उद्देश्य केवल बाजार का आयोजन करना नहीं है, बल्कि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा पारंपरिक और हस्तनिर्मित उत्पादों को नई पहचान दिलाना भी है।

आकांक्षा हाट के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आजीविका मिशन तथा अन्य विभागों की स्टॉल्स लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन स्टॉल्स के माध्यम से विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए घरेलू उत्पाद, हस्तशिल्प सामग्री, खाद्य उत्पाद एवं अन्य पारंपरिक वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय भी किया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में और अधिक प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, युवा, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में एसईपीओ सुरेश द्वारा मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रतिभागियों तथा आमजन का आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार चार दिवसीय आकांक्षा हाट का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली तथा कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जागरूकता भी फैली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!