विरेन्द्र सिंह (मिंटू ) नए भारत का उदय
बापोड़ा की माटी के लालों का भव्य अभिनंदन
भिवानी। वीर प्रसूता भूमि बापोड़ा के राजपूत धर्मशाला में सोमवाार को एक ऐतिहासिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उन युवा प्रतिभाओं और कर्मठ व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने न केवल शिक्षा और सरकारी सेवाओं में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गांव का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता तंवर खाप बापोड़ा के प्रधान ओमप्रकाश सिंह तंवर ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन डा. सतपाल सिंह तंवर द्वारा किया गया। समारोह में मुख्य रूप से पांच युवा सितारों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

जिसमें पशु चिकित्सक के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं देने पर डॉ. मनू शर्मा, नौसेना से सेवानिवृत्ति के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन होने पर अमित सोनी, असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति होने पर रोहित सारसर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित होने पर करण सिंह तंवर तथा भूटान के प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित होने पर जिगर सिंह तंवर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डा. सतपाल सिंह तंवर रहे, जिन्हें राष्ट्रीय सम्मान ट्रस्ट (रजि.) के अध्यक्ष एवं संस्थापक नेत्रपाल तंवर भिवानी द्वारा उनके निस्वार्थ सामाजिक कार्यों के लिए भिवानी गौरव सम्मान-2026 से नवाजा गया। इस दौरान नेत्रपाल तंवर ने बापोड़ा के संस्थापक ठाकुर जगसी सिंह तंवर और भिवानी के संस्थापक महाराजा नीमपाल सिंह तंवर के जयघोष से पाण्डाल में जोश भर दिया। मंच से संबोधित करते हुए चेयरमैन रविन्द्र बापोड़ा, पूर्व सचिव जय सिंह तंवर और सूबेदार बीर सिंह तंवर ने शिक्षा के महत्व पर बल दिया।
वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति ही गांव और देश का भविष्य है। इस अवसर पर बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों पूर्व सरपंच विजेन्द्र सारसर, मास्टर महेंद्र शर्मा आदि को भी सम्मानित किया गया, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। समारोह में तंवर खाप हरियाणा के अनुपाल सिंह तिगड़ाना, नेत्रपाल तंवर भिवानी संस्थापक राष्ट्रीय सम्मान ट्रस्ट, प्रवीन फौजी, अध्यापिका रीना सोनी और सेना मेडल विजेता मंगल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को उनकी विशेष सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके पर थानेदार राजेंद्र पाल, नवीन तंवर, कुशल फौजी, हवलदार पृथ्वी राज, कप्तान सतपाल सिंह चौहान, सेना मेडल कप्तान शिवचरण सिंह, सूबेदार मदन सिंह, सतबीर भोला, मास्टर मुनीपाल, अमित उर्फ धोलिया, गजानंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
