राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करेंगे राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध : प्रदीप जोगी
भिवानी। हरियाणा की राजनीति में कर्मवीर बौद्ध को राज्यसभा सांसद बनने पर मंगलवार को स्थानीय रोहतक रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशी साझा की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने प्रदेश प्रभारी वीके हरिप्रसाद, विधायक दल के नेता चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, सांसद चौ. दीपेंद्र हुड्डा सहित सभी विधायकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भाजपा के षडय़ंत्र को विफल करते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार को राज्यसभा में भेजने का काम किया। जश्न के दौरान कार्यालय में कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और शीर्ष नेतृत्व का आभार के नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आगामी चुनावों में पार्टी की मजबूती के लिए इसी उत्साह के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाना पार्टी के उस विजन को दर्शाता है, जहां धरातल पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाती है। कर्मवीर बौद्ध कोई नाम नहीं, बल्कि आमजन के संघर्ष की आवाज हैं। वे हमेशा जनता के बीच रहने वाले और उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने वाले नेता हैं। शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजकर एक सच्चे कर्मठ कार्यकर्ता का सम्मान किया है। प्रदीप जोगी ने विश्वास जताया कि कर्मवीर बौद्ध के राज्यसभा में जाने से हरियाणा और विशेषकर आम वर्ग की आवाज को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्मवीर बौद्ध सदन में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा में बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के उन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे जिन्हें वर्तमान सरकार नजरअंदाज कर रही है। जोगी ने कहा कि बौद्ध का अनुभव और जनता के प्रति उनकी संवेदनशीलता उन्हें एक प्रभावी सांसद साबित करेगी।
इस दौरान कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता के बल पर चुनाव परिणामों को प्रभावित करने और विधायकों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कुछ मंत्रियों के जरिए वोट की गोपनीयता भंग करने की कोशिश की तथा जब भाजपा को अपनी हार दिखने लगी, तो जानबूझकर तकनीकी आपत्तियां जताकर मतगणना को घंटों रोका गया।
उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ कर्मवीर बौद्ध की नहीं, बल्कि सच्चाई की जीत है। भाजपा ने साम-दाम-दंड-भेद अपनाकर हमारे उम्मीदवार को हराने की पूरी साजिश रची थी, लेकिन हमारे विधायकों की एकजुटता ने उनके लोकतंत्र विरोधी मंसूबों को नाकाम कर दिया।
इस अवसर पर ईश्वर शर्मा प्रधान, समीर खटीक एससी प्रधान, बलबीर सरोहा, मा. बलवंत घणघस, संजय गांधी, दिनेश शास्त्री, तोलाराम शर्मा, लक्ष्मण वर्मा सैन, रवि सोलंकी, विरेंद्र बापोड़ा, मुकेश प्रजापत, सुमित बराड, पुनीत नुनीवाल, सूरज, धीरज माडीवाला, मनोज राठी, शिवकुमार धानक, कैप्टन रामेहर जांगड़ा, इंग्लेश लता, अनिल मास्टर, अशोक मलिक, जितेंद्र भोलू सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
