साइबर क्राइम ठगी को लेकर 1930 जल्द करें डायल, जल्द होगी रिकवरी: एसपी सुमित कुमार

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

वैश्य महाविद्यालय भिवानी में एनएसएस शिविर का तीसरा दिन, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने युवाओं को किया जागरूक

भिवानी। वैश्य महाविद्यालय भिवानी में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के तीसरे दिन विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने की, जबकि स्वागत भाषण एनएसएस कैंप की संयोजक डॉ. कामना कौशिक ने दिया। कार्यक्रम में एनएसएस वॉलिंटियर विद्यार्थियों, एनएसएस अधिकारियों तथा शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत समारोह से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद एनएसएस वॉलिंटियर विद्यार्थियों ने शिविर के दौरान प्राप्त अपने अनुभव साझा किए और समाज सेवा से जुड़ी गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने बताया कि एनएसएस शिविर के माध्यम से उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और सेवा भावना विकसित करने का अवसर मिला है।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है और इसे समाप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा स्वयं जागरूक रहेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे तो समाज को इस बुराई से बचाया जा सकता है। उन्होंने डिजिटल साक्षरता और साइबर अपराध के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए हर व्यक्ति को तकनीकी जानकारी और सावधानी रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

सुमित कुमार ने बताया कि साइबर अपराध या किसी भी प्रकार की ठगी की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत कॉल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और युवाओं के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में एनएसएस अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!