राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

इनेलो की 23 को होने वाली युवा महासम्मेलन रैली के लिए युवा जिला अध्यक्ष ने दिए निर्देश
भिवानी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा 23 मार्च को शहीदी दिवस पर नरवाना की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाली प्रदेश युवा महासम्मेलन रैली को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। रैली की तैयारियों को लेकर इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव एवं भिवानी जिला प्रभारी उमेद लोहान की अध्यक्षता में भिवानी के चारों हल्को भिवानी, बवानीखेड़ा, तोशाम व लोहारू की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। इसके तहत भिवानी हल्का की बैठक परशुराम धर्मशाला, बवानीखेड़ा की बैठक धनाना बंगला में, तोशाम की बैठक पंजाबी धर्मशाला तथा लोहारू की बैठक कम्यूनिटी सेंटर ओबरा में हुई।
इस रैली में इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला, युवा इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष करण सिंह चौटाला, आईएएसओ राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन सिंह चौटाला संबोधित करने पहुंचेंगे। बैठक के दौरान इनेलो युवा जिला अध्यक्ष संदीप घनघस ने हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया कि इस बार युवा शक्ति का ऐसा प्रदर्शन होगा जो पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा। उन्होंने उमेद लोहान को विश्वास दिलाया कि भिवानी जिले से हजारों की संख्या में युवा नरवाना पहुंचेंगे।
युवा जिला अध्यक्ष संदीप घणघस ने कहा कि 23 मार्च को नरवाना की धरती पर युवाओं का एक ऐसा सैलाब आएगा, जिसे प्रदेश की राजनीति में मील का पत्थर माना जाएगा। भिवानी जिले का एक-एक कार्यकर्ता जोश से लबरेज है और हम गाडिय़ों के सबसे बड़े काफिले के साथ रैली स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उन्होंने बताया कि बवानीखेड़ा, तोशाम, लोहारू और भिवानी हलकों के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
घणघस ने दावा किया कि रैली में भिवानी जिले की भागीदारी सबसे अधिक और प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से युवाओं की समस्याओं, बेरोजगारी और प्रदेश के भविष्य को लेकर इनेलो की आवाज को बुलंद की जाएगी। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संदीप घणघस ने कहा कि आज हर वर्ग विशेषकर युवा वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों व फैसलों से प्रताडि़त है, जिसके चलते युवाओं में भाजपा के प्रति खासा रोष देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस रैली में युवाओं की भागीदारी यह दिखा देगी कि युवा वर्ग भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुका है।
