विश्व गौरैया दिवस पर पक्षियों के संरक्षण का संदेश

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने की अपील

भिवानी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के तत्वावधान में विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर हनुमान ढाणी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पक्षियों के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, हर घर हरियाली थीम 2026 की ब्रांड एंबेसडर आरोही तथा नव्या भारद्वाज ने अपने निवास स्थान पर पक्षियों के लिए पानी का सकोरा रखा।

उन्होंने इस पहल के माध्यम से आमजन को प्रेरित करते हुए कहा कि मार्च, अप्रैल, मई और जून के महीनों में भीषण गर्मी पड़ती है, जिससे बेजुबान पशु-पक्षियों को पानी और भोजन के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों की छत, आंगन या बाहर किसी सुरक्षित स्थान पर दाना और पानी की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि पक्षियों को राहत मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि यह एक छोटी-सी पहल है, लेकिन इसका प्रभाव बहुत बड़ा हो सकता है और इससे हजारों पक्षियों का जीवन बचाया जा सकता है।

अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि कोविड-19 के बाद पर्यावरण में काफी सुधार देखने को मिला है, जिसके चलते गौरैया पक्षी फिर से अपने अस्तित्व में लौटती दिखाई दे रही है। पहले जहां गौरैया की चहचहाहट कम हो गई थी, वहीं अब लोगों के घरों के आसपास फिर से चिड़ियों की मधुर आवाज सुनाई देने लगी है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। यदि हम गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए नियमित रूप से दाना-पानी की व्यवस्था करें, तो यह गौरैया सहित अन्य पक्षियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!