राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। विश्व जल दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति द्वारा शहर में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जल साक्षरता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत लीकेज पाइपलाइन, व्यर्थ बहते पानी और जल के दुरुपयोग को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि “पानी की हर बूंद अनमोल है, इसे व्यर्थ बहने से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे में यदि अभी से पानी का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले समय में पेयजल की गंभीर किल्लत हो सकती है।

उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइप लाइनों में हो रहे लीकेज पर चिंता जताते हुए कहा कि संबंधित विभाग को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। जहां भी पाइपलाइन टूटी हुई है या गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य किया जाना चाहिए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों तक स्वच्छ जल पहुंच सके।
अशोक भारद्वाज ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जितनी आवश्यकता हो, उतना ही पानी उपयोग में लें और जल का सदुपयोग करें। उन्होंने सुझाव दिया कि घरों और गलियों में लगे नलों पर टोटी अवश्य लगाई जाए, जिससे पानी का अनावश्यक बहाव रोका जा सके। साथ ही, जहां सीवरेज का पानी मिल रहा है, वहां संबंधित समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
इस अभियान के माध्यम से संस्था का उद्देश्य लोगों में जल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “जल है तो कल है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में पानी की एक-एक बूंद बचाने का प्रण लिया।
