बीआरसीएम लॉ कॉलेज में स्वर्गीय छोगमल चौधरी द्वितीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आगाज

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। बहल स्थित बीआरसीएम लॉ कॉलेज में आज से दो दिवसीय स्वर्गीय छोगमल चौधरी द्वितीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आगाज हुआ जिसमें कानूनी विशेषज्ञों ने कानूनी पेशे के महत्व को रेखांकित किया और ऐसी प्रतियोगिताओं के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील शुक्ला ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया।

बीआरसीएम शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. एस. के. सिन्हा ने लॉ कॉलेज का संक्षिप्त परिचय देते हुए मूट कोर्ट के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि लॉ के क्षेत्र में किताबी ज्ञान से कहीं अधिक महत्वपूर्ण कौशल हैं, क्योंकि इसमें कैरियर निरंतर विकसित हो रहा है। सफल वकील बनने के लिए उत्कृष्ट संचार, गहन शोध, विश्लेषण, और बारीकियों पर ध्यान देने की क्षमता अनिवार्य है, जो जटिल कानूनी मामलों को सुलझाने और अदालत में प्रभावी बहस के लिए जरूरी है।

उ‌द्घाटन समारोह में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग के अध्यक्ष व डीन डॉ. प्रमोद मलिक बतौर मुख्य अतिथि शिरकत किए। उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिता ज्ञान का समृद्ध स्रोत है। यह सिर्फ प्रतियोगिता नहीं है बल्कि ज्ञान प्राप्त करने का एक साधन भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिता छात्रों के उनके क्षेत्र में आवश्यक कौशल प्राप्त करने में मदद करती है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहे बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के विधि विभाग के डीन डॉ. मनीष दलाल, ने मूट कोर्ट के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में उन्हें इस तरह के प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि मूट कोर्ट का मुख्य उद्देश्य तार्किक क्षमता में विकास करना है। अंत में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन साक्षी, भव्या और योगेश ने किया तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. राज रानी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के प्रति कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आभार प्रकट किया। इस दौरान बीआरसीएम शिक्षण संस्थान के सभी संस्थाओं के प्राचार्य, समस्त अध्यापक एवं छात्र उपस्थित रहे। ज्ञातव्य है कि प्रतियोगिता के चार राउंड होने हैं।

प्रथम दिवस के दिन प्रारंभिक चरण और क्वार्टर फाइनल की प्रतियोगिता संपन्न हुई जिसमें चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई की जो 29 मार्च को होनी है। तत्पश्चात 29 मार्च को ही फाइनल राउंड के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!