जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन का उद्घाटन, पश्चिमी यूपी को मिलेगा बड़ा आर्थिक और रोजगार लाभ

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

“विमान पत्तन केवल सुविधाएं नहीं, बल्कि विकास को उड़ान देने वाले इंजन हैं” : प्रधानमंत्री मोदी

जेवर/नोएडा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक विमान पत्तन नहीं, बल्कि “विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत” अभियान का नया अध्याय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विमान पत्तन किसी भी देश में सिर्फ बुनियादी ढांचा नहीं होते, बल्कि वे प्रगति और विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन हैं। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि जिस राज्य ने उन्हें सांसद बनाया, आज वही राज्य वैश्विक पहचान की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस नए विमान पत्तन से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और मध्यम उद्योगों तथा युवाओं के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे। वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण दुनिया में पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। भारत भी कच्चे तेल और गैस के लिए इस क्षेत्र पर निर्भर है, लेकिन सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि इस संकट का असर आम जनता और किसानों पर न पड़े।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के समय में पश्चिमी यूपी में कई बड़ी परियोजनाओं ने विकास को गति दी है। इनमें सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो विस्तार प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के साथ अब जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र को उत्तर भारत का बड़ा लॉजिस्टिक्स हब बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र माल ढुलाई के दो प्रमुख कॉरिडोर से जुड़ रहा है, जिससे यहां के उत्पाद देश और दुनिया के बाजारों तक तेजी से पहुंच सकेंगे। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रधानमंत्री ने किसानों के योगदान को सराहते हुए कहा कि गन्ने से बनने वाले इथेनॉल ने देश की कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने में अहम भूमिका निभाई है। इससे देश को विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और किसानों की आय में भी वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि आज भारत में 160 से अधिक एयरपोर्ट हैं और हवाई यात्रा अब आम नागरिकों के लिए भी सुलभ हो गई है। उड़ान स्कीम के तहत करोड़ों लोगों ने सस्ती हवाई यात्रा का लाभ उठाया है। आने वाले समय में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनाने की योजना है, जिससे छोटे शहरों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।प्रधानमंत्री मोदी ने एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और नवीनीकरण) क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जेवर में बनने वाला एमआरओ केंद्र देश और विदेश के विमानों को सेवाएं देगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!