मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर बीमारी है: सीएमओ रघबीर शांडिल्य

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

⏩ नशे से भी बिगड़ता है मानसिक संतुलन: सीएमओ

⏩ विश्व बाइपोलर दिवस पर जागरूकता सेमिनार आयोजित

भिवानी। वर्ल्ड बाइपोलर डे के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला स्तर पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। सेमिनार में सिविल सर्जन अधिकारी डॉ. रघबीर शांडिल्य तथा डॉ. नंदिनी लांबा ने सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं संबंधित मरीजों को संबोधित किया।

इस अवसर पर विशेषज्ञों ने बताया कि बाइपोलर डिसऑर्डर एक मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर बीमारी है, जिसमें व्यक्ति के मूड में अत्यधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं। कभी अत्यधिक खुशी (मेनिया) और कभी गहरी उदासी (डिप्रेशन) की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यक्ति के दैनिक जीवन, कामकाज और रिश्तों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।डॉ. रघबीर शांडिल्य ने कहा कि समय पर पहचान और सही इलाज से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करें और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह लें। संबोधन में कहा कि मानसिक बीमारियों को छिपाने के बजाय खुलकर चर्चा करना जरूरी है, ताकि मरीजों को सही समय पर उपचार मिल सके।

वहीं डॉ. नंदिनी लांबा ने बताया कि नियमित दवा, काउंसलिंग और परिवार के सहयोग से मरीज सामान्य जीवन जी सकता है। सेमिनार में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों से भी आग्रह किया गया कि वे समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. नंदिनी लांबा,डॉ. शिल्पा, शक्ति, मेघा,प्रीति ,प्रतिभा , अंजु देवी, राजीव शांडिल्य, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार भारद्वाज, स्वदेशी मंच से अशोक शर्मा, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!