राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

अगले 3 घंटों में कई इलाकों में तेज बौछारें, ओलावृष्टि और बदलता मौसम बना सकता है असर
चंडीगढ़। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई जिलों में बादलों का विकास तेजी से हो रहा है और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी देखने को मिली हैं, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ-साथ सतर्कता की जरूरत भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बादलों की गतिविधियां लगातार आगे बढ़ रही हैं और आने वाले 3 घंटों के दौरान कई नए क्षेत्रों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
प्रभावित जिलों में पंजाब के फाजिल्का, भठिंडा और मुक्तसर के साथ हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद और झज्जर शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मथुरा, अलीगढ़ व बुलंदशहर में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है।
वहीं राजस्थान के भरतपुर, अलवर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद और टोंक जिलों में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन क्षेत्रों में बिखरी हुई हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें, गरज-चमक और ओलावृष्टि भी हो सकती है। हालांकि यह गतिविधियां चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगी, जिससे सभी जगह एक साथ असर देखने को नहीं मिलेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों और यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें।मौसम विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और समय-समय पर अपडेट जारी किए जाएंगे।
