राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का वैदिक विधि से शुभारंभ
भिवानी। विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन एवं मंत्रोच्चारण के साथ बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मोली बांधकर नवसत्र में स्वागत किया गया। यज्ञ में यजमान के रूप में डी.ए.वी. विद्यालय में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय की प्राचार्या जगदीप कौर ने भाग लिया।

प्राचार्या ने मंत्रोच्चारण के माध्यम से यज्ञ को बच्चों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं स्वास्थ्यवर्धक बताया तथा दैनिक यज्ञ के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आशीर्वाद स्वरूप प्राचार्या जगदीप कौर एवं समस्त अध्यापकगण ने पुष्प वर्षा कर विद्यार्थियों को सफलता के पथ पर अग्रसर होने की शुभकामनाएं दीं। नए सत्र के प्रथम दिवस पर कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने कोलाज मेकिंग एवं मनोरंजक खेल गतिविधियों में भाग लिया, जबकि कक्षा तृतीय से पंचम तक के विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मीडिया प्रभारी राजेश कुमार मुखी ने बताया कि नए शिक्षा सत्र को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आज के दिन विद्यार्थियों को सामान्य परिचय के साथ-साथ विषयवार टाइम टेबल भी नोट करवाया गया। प्राइमरी कक्षाओं के नए प्रवेशित बच्चे हंसते-मुस्कुराते विद्यालय पहुंचे, वहीं मिडिल स्कूल के विद्यार्थी अपने मित्रों से मिलकर काफी प्रसन्न नजर आए।
प्राचार्या जगदीप कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें प्रारंभ से ही अपने विषयों का एकाग्रचित होकर अध्ययन करना चाहिए और आज का कार्य कभी कल पर नहीं टालना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह शैक्षणिक सत्र सभी विद्यार्थियों को उनके निर्धारित लक्ष्यों की ओर अग्रसर करेगा। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए अपने संकल्प को दोहराएं तथा संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हुए पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक उपलब्धियां प्राप्त करें।इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी अध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा शांति पाठ के साथ किया गया।
