राजेश बिष्ट नए भारत का uday

डीसी ने समाधान शिविर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में समाधान शिविरों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समस्याओं के समाधान करने में तेजी लाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से लंबित शिकायतों के समाधान करने को कहा। वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ मुख्यालय से मत्स्य पालन विभाग के प्रधान सचिव डी सुरेश ने वीसी के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
डीसी गुप्ता ने सभी विभागाध्यक्षों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रगति रिपोर्ट का गहनता से अध्ययन करें और निर्धारित नए प्रारूप में एक्शन टेकन रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड जरूर करें। उन्होंने लंबित समस्याओं की समीक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से मूल्यांकन किया जाए। यदि कोई शिकायत सही मिलती है तो उस पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जबकि अपूर्ण या असत्य पाए जाने वाली शिकायतों को ही उचित कारण दर्ज करते हुए निरस्त किया जाए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायत को निरस्त करते समय स्पष्ट कारण दर्ज करना अनिवार्य है ताकि कोई भी समस्या बार-बार री-ओपन ना हो। उन्होंने कहा कि इससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और अनावश्यक लंबित मामलों में कमी होगी। बार-बार शिकायतों के री-ओपन ना होने से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी आती है।इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, सीटीएम अनिल कुमार, डीएसपी महेश कुमार, सीएमजीजीए रिषव रंजन, सीएमओ डॉ. रघुबीर शांडिल्य, डीईओ निर्मल दहिया, डीडीए डॉ. विनोद फोगाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
