यशवीर सिंह नए भारत का उदय
दाखिले के लिए तैयार प्ले स्कूल
तोशाम/कैरू। गांव बिजलानावास में आंगनबाड़ी केंद्र (प्ले स्कूल) में रेडीनेस मेले का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ये स्कूल दाखिलों के लिए तैयार हैं। यहां एक अप्रैल से दाखिले किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मिडल स्कूल से अध्यापिका किरण ने रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेले में अलग-अलग काउंटर बनाते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्ले स्कूल में होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई।

बच्चों के शारीरिक विकास, सामाजिक, भावनात्मक विकास, भाषा विकास और गणित विकास आदि गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में पढ़ना लिखना सिखाया जाएगा। आंगनबाड़ी सुपरवाइजर नीलम व कार्यकर्ता पूनम ने बताया कि अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को प्ले स्कूल में अवश्य भेजें और खुद भी अपने बच्चों के विकास व उनके पोषण में सहायक बनें।
उन्होंने बताया कि बचपन का समय एक कच्चे घड़े के समान होता है जो की जिस रूप में ढालना चाहे वैसे ही ढल जाता है। नन्हे- मुन्ने बच्चे खेल कूद में शिक्षा ग्रहण करना अधिक पसंद करते हैं। इसलिए प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को प्री स्कूल शिक्षा दी जाएगी। सुपरवाइजर नीलम व कार्यकर्ता पूनम ने बताया कि रेडीनेस मेले का आयोजन प्री-स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करना और स्कूल के लिए मानसिक, शारीरिक, सामाजिक व भावात्मक रूप से तैयार करना होता है। मेले में शारीरिक विकास, भाषा विकास, सामाजिक एवं भावात्मक, बौद्धिक विकास की तैयारियों के लिए स्टॉल भी लगाया गया।इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर पूनम कुमारी, सुमन देवी, हेल्पर संतोष, मिडल स्कूल से किरण के अलावा पिंकेश, सपना, मोनिका डूडी, शकुंतला, पूजा, रेशमा सहित विभिन्न महिलाएं उपस्थित रही।
