राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूकता के लिए सीएचसी धनाना की सभी पीएचसी में चलाया अभियान
भिवानी। स्वास्थ्य विभाग अब बेटियों के सुरक्षित भविष्य और कैंसर मुक्त समाज के लिए धरातल पर उतरकर कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में गांव धनाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के एसएमओ डा. नागेश महर्षि ने क्षेत्र में एक व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करना और टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। इस दौरान डा. नागेश महर्षि ने केवल सीएचसी तक सीमित ना रहकर इसके अंतर्गत आने वाले सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग किया। इस अवसर पर उनके ससाथ डा. नसीब सांगवान, डा. मीनाक्षी व प्रदीप डीईओ भी मौजूद रहे।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डा. नागेश महर्षि ने बताया कि महिलाओं में होने वाले कैंसर में सर्वाइकल कैंसर एक बड़ी चुनौती है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने इसके फायदों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य ही एक समृद्ध परिवार की नींव है। एचपीवी वैक्सीन लड़कियों को भविष्य में होने वाले जानलेवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करती है। माता-पिता को चाहिए कि वे बिना किसी झिझक के अपनी बेटियों का टीकाकरण करवाएं, ताकि वे एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकें। कैंसर के साथ-साथ डा. नागेश महर्षि ने टीबी के प्रति भी ग्रामीणों को सचेत किया। उन्होंने बताया कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार या वजन कम होने जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत जांच करवाएं। सरकार द्वारा टीबी का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। डॉ. महर्षि ने अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य हर बच्चे और हर नागरिक तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकारी टीकाकरण अभियानों में बढ़-चढक़र भाग लें।
