राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को चौथे दिन भी दमकल कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने दमकल विभाग के सामने धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ-साथ युवा कांग्रेस नेता व समाजसेवी सुमित बराड़ और छात्र नेता प्रवीण बुरा ने भी धरने को अपना समर्थन दिया।धरने के दौरान सुमित बराड़ ने फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों को उचित सम्मान और सहायता देने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में युवा कांग्रेस नेता व समाजसेवी सुमित बराड़ ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और सरकार को तुरंत इस पर संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा करते हैं, उनके साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उनकी मुख्य मांगों में फरीदाबाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले जांबाज दमकल कर्मियों को शहीद का दर्जा देना शामिल है। साथ ही पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, कच्चे कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी एक्ट 2024 के तहत 58 वर्ष तक नौकरी की गारंटी और पुलिस की तर्ज पर 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता लागू करने की मांग भी शामिल है।
छात्र नेता प्रवीण बुरा ने दमकल कर्मचारियों के धरने को समर्थन देते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों का पूरा समर्थन इन कर्मचारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें न केवल न्यायसंगत हैं बल्कि उनकी सुरक्षा और सम्मान से भी जुड़ी हुई हैं। प्रवीण बुरा ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तुरंत समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो छात्र संगठन भी बड़े स्तर पर आंदोलन में शामिल होंगे।
