राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। विश्व पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के तत्वावधान में एक दिवसीय संडे टी-20 क्रिकेट मुकाबले का आयोजन किया गया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में विवेकानंद हाई स्कूल की जूनियर बॉयज एवं गर्ल्स टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक सावित्री यादव ने किया, जबकि आयोजन के संयोजक राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज रहे।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों का भी परिचय दिया। संस्था द्वारा चलाए जा रहे जल एवं पर्यावरण संरक्षण साक्षरता अभियान के अंतर्गत दोनों टीमों ने जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।खिलाड़ियों ने कहा कि जल और पर्यावरण की सुरक्षा आज समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। वहीं इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश भी खेल के माध्यम से दिया गया।मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए जूनियर गर्ल्स टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जूनियर बॉयज टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन लड़कियों की सधी हुई गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के आगे टिक नहीं सकी।
पूरी बॉयज टीम 13 ओवर में 62 रन पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार जूनियर गर्ल्स टीम ने यह मुकाबला 8 रन से अपने नाम कर लिया।प्रतियोगिता के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। निदेशक सावित्री यादव एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, मास्टर कपिल, दयानंद ग्रेवाल व अमन हलवास ने खिलाड़ियों के उत्साह, खेल प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता की सराहना की। कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
