जनगणना 2027 के कार्यों में सहयोग करें जनप्रतिनिधि : डीसी

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी साहिल गुप्ता ने किए आदेश जारी

भिवानी। उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी साहिल गुप्ता ने भारत की जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। डीसी ने आदेशों में जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्यों में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी साहिल गुप्ता ने जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 7 के तहत जारी आदेशों में कहा है कि नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका समितियों, छावनी बोर्डों के अध्यक्ष, सदस्य एवं अन्य निर्वाचित प्रतिनिधि जनगणना कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों तथा अधिकारियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में पूरा सहयोग एवं सहायता प्रदान करें।डीसी के आदेशानुसार जिले के सभी सरपंच, पंच एवं ग्राम पंचायत सदस्य भी जनगणना कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक सहयोग देंगे।

वहीं सभी नंबरदार एवं गांवों के मुखिया अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कर्मचारियों की सहायता सुनिश्चित करेंगे।आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की बाधा, रुकावट या देरी जनगणना कार्यों में नहीं होनी चाहिए तथा सभी संबंधित विभाग एवं स्थानीय निकाय जनगणना अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।डीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन आदेशों की अवहेलना या पालन न करने की स्थिति में जनगणना अधिनियम 1948 एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। साथ ही जिला नगर आयुक्त, सभी एसडीएम, नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के अधिकारियों, डीडीपीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आदेशों की प्रति भेजकर कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!