राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
231वें दिन 2800 किलोमीटर के सफर बाद 90वें विधानसभा क्षेत्र में रोहतक में संपन्न होगी यात्रा : कांग्रेस नेता
भिवानी। हरियाणा की सियासत में सद्भाव और भाईचारे के मुद्दे को लेकर पिछले 7 महीनों से जारी पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। वीरवार को भिवानी के एक निजी रेस्तरां में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस यात्रा की उपलब्धियों और इसके सियासी मायनों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस यात्रा ने सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नफरत और विभाजन की राजनीति को बेनकाब करने का काम किया है। वही पत्रकार वार्ता से पूर्व कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हे याद किया तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान देश की तरक्की में उनके द्वारा किए गए कार्यो व योगदान को याद किया गया।

पत्रकार वार्ता को पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा. शिव शंकर भारद्वाज, राजेंद्र उर्फ रज्जू अहलावत दादरी, कांग्रेस सेवादल भिवानी के प्रधान विजेंद्र सिवाच, कांग्रेस नेता वीरेंद्र किरोड़ी और रघुबीर सिंह रंगा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने यात्रा के रूट और इसके समय चक्र की जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा पिछले साल 5 अक्टूबर को जींद के ऐतिहासिक दनौदा गांव स्थित बनैण खाप के चबूतरे से रवाना हुई थी। उन्होंने कहा कि यात्रा ने प्रदेश के सभी जिलों और अधिकांश गांवों का दौरा किया है। अपने सफर के 231वें दिन यह यात्रा हरियाणा के 90वें विधानसभा क्षेत्र यानी रोहतक में प्रवेश करेगी। उन्होंने बताया कि आगामी 23 मई को रोहतक के भिवानी स्टैंड पर इस महायात्रा का औपचारिक और भव्य समापन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस यात्रा ने केवल भौगोलिक दूरी तय नहीं की है, बल्कि भाजपा सरकार द्वारा समाज में पैदा किए गए अविश्वास और नफरत की खाई को पाटकर प्रदेश के पारंपरिक भाईचारे को एक बार फिर से जीवंत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि रोहतक में होने वाला समापन समारोह केवल एक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि हरियाणा कांग्रेस की एकजुटता और सांगठनिक ताकत का बड़ा प्रदर्शन बनने जा रहा है।
नेताओं ने बताया कि समापन के ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा पार्टी के उन दिग्गजों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने समय-समय पर राज्य में संगठन की कमान संभाली है। इस सम्मान समारोह में मुख्य रूप से 8 पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं 4 कार्यकारी अध्यक्ष शामिल रहेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सिर्फ यात्रा पर ही बात नहीं की, बल्कि मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों पर भी तीखे प्रहार किए। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में हरियाणा विकास की पटरी से उतर चुका है और राज्य कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में लोगों के बीच नफरत फैलाकर भाईचारे को नुकसान पहुंचाया गया। रोजगार के मोर्चे पर सरकार विफल रही, जिससे युवाओं में हताशा है। ग्रामीण इलाकों और खाप क्षेत्रों की अनदेखी की गई। शहरी क्षेत्र में प्रत्येक जन मूलभूूत समस्याओं से जूझ रहा है। यही नहीं हर वर्ष पेपर लीक जैसे मामले सामने आ रहे है, जो कि देश के युवाओं के स्वर्णिम भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
