भाजपा सरकार की विकास नीतियों व जनता के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करे कार्यकर्ता : विनोद चावला

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

⏩ बवानीखेड़ा मंडल के 14 शक्ति केंद्रों पर बैठकों का दौर संपन्न : सांगठनिक मजबूती और जन-नीतियों पर रहा जोर

भिवानी। भाजपा के के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बवानीखेड़ा मंडल के सभी 14 शक्ति केंद्रों पर विशेष बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों की अध्यक्षता बवानीखेड़ा मंडल के प्रभारी एवं भाजपा जिला प्रवक्ता विनोद चावला ने की, जबकि इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रदीप राणा विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के लिए मंडल प्रभारी विनोद चावला और मंडल अध्यक्ष प्रदीप राणा ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव रतेरा, जमालपुर, पापोसा, बवानीखेड़ा, पुर, जाटु लोहारी, बलियाली, रामपुरा और सुई सहित सभी शक्ति केंद्रों पर जाकर कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद स्थापित किया।

बैठकों को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी व जिला प्रवक्ता विनोद चावला ने कार्यकर्ताओं से सीधे जुडऩे और सांगठनिक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। चावला ने कहा कि कार्यकर्ता ही भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को हर महीने अनिवार्य रूप से बैठकें आयोजित करनी चाहिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी मन की बात कार्यक्रम को हर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर अधिक से अधिक ग्रामीणों के साथ मिलकर सुनना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिला प्रवक्ता विनोद चावला और मंडल अध्यक्ष प्रदीप राणा ने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी और विकासपरक नीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की अंत्योदय और विकास नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को एक सेतु के रूप में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब सरकार की उपलब्धियों और पारदर्शी नीतियों के दम पर दिया जाएगा।

शक्ति केंद्र की बैठकों के सिलसिले में जब भाजपा नेताओं का काफिला गांव जमालपुर पहुंचा। इस दौरान मंडल प्रभारी विनोद चावला और मंडल अध्यक्ष प्रदीप राणा जमालपुर के सरपंच भूप सिंह के निवास स्थान पर पहुंचे। उन्होंने सरपंच भूप सिंह के भाई के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर सुंदर अत्री, विजेंद्र रतेरा, राजेश सरपंच, राजकुमार धानक, महावीर सिंह, ऋषि सोनी, सुभाष सरपंच, रघुवीर गुर्जर, रामगोपाल सैनी, जगदंबा मेहता, रोहतास तंवर, ज्ञान गुलाटी, करण शर्मा, अशोक सरदाना, बलवान सूई, रवि सरपंच सूई सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!